टीम संकल्प की सराहनीय पहल, 17 मेधावी गरीब बच्चों का जीजीआईसी करतल में निःशुल्क दाखिला

Blog

   सोनू करबरिया की रिपोर्ट

बाँदा/करतल: i      शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय पहल करते हुए ‘टीम संकल्प’ संस्था ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 17 मेधावी छात्र-छात्राओं का राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (GGIC), करतल में निःशुल्क प्रवेश कराया है। संस्था का उद्देश्य ऐसे बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है, जो आर्थिक अभाव के कारण अपनी पढ़ाई जारी नहीं रख पाते।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि बच्चों का केवल प्रवेश ही नहीं कराया गया है, बल्कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक की पूरी शिक्षा का खर्च भी टीम संकल्प द्वारा वहन किया जाएगा। इसमें किताबें, फीस एवं अन्य शैक्षणिक आवश्यकताएं शामिल हैं, ताकि किसी भी छात्र की पढ़ाई आर्थिक तंगी के कारण प्रभावित न हो।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक संक्षिप्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य कुमारी सोली ने टीम संकल्प के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में टीम संकल्प के सदस्य अभय श्रीवास्तव, रुचि खरे, अवधेश सिंह, रेनू सिंह, विपिन अवस्थी, अमरदीप गुप्ता, पंकज गुप्ता, रीना गौतम, मुकेश और राकेश पटेल उपस्थित रहे। इस दौरान बच्चों के अभिभावक भी मौजूद रहे और उन्होंने संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और भविष्य में देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। संस्था का यह कदम क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी प्रेरित कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *