*युवा उद्यमिता को नई उड़ान, जिलाधिकारी ने 100 नवोद्यमियों को औद्योगिक भ्रमण हेतु किया रवाना*

Blog

सनत कुमार बुधौलिया की रिपोर्ट

उरई।   केंद्र सरकार के सफलतम 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विकसित भारत कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद जालौन में युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक विशेष औद्योगिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट परिसर से 100 युवा उद्यमियों को लेकर जाने वाली बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे औद्योगिक भ्रमण युवाओं के भीतर आत्मविश्वास विकसित करते हैं और उन्हें उद्यमिता की ओर अग्रसर होने की प्रेरणा देते हैं।
यह भ्रमण कार्यक्रम युवाओं को उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराने तथा उन्हें स्वयं का उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। भ्रमण के दौरान युवाओं ने राजकीय औद्योगिक आस्थान, कालपी स्थित हाथ कागज उद्योग की इकाइयों तथा खादी ग्रामोद्योग प्रशिक्षण संस्थान का अवलोकन किया।
हाथ कागज उद्योग के प्रतिष्ठित उद्यमी प्रो. सलीम हाजी ने युवाओं को हाथ से कागज निर्माण की संपूर्ण प्रक्रिया, उत्पादन तकनीक, विपणन व्यवस्था तथा इस उद्योग में रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पारंपरिक उद्योगों को आधुनिक तकनीक और नवाचार के साथ जोड़कर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान आयोजित उद्यमी संवाद में अनुभवी उद्यमियों एवं युवा प्रतिभागियों के बीच सार्थक चर्चा हुई। युवाओं ने उद्योग स्थापना से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे तथा सफल उद्यमियों से उनके अनुभव साझा किए। संवाद के माध्यम से युवाओं को वित्तीय सहायता, विपणन, उत्पादन प्रबंधन तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में हाथ कागज संघ के अध्यक्ष नरेन्द्र तिवारी, विनीत गुप्ता, भोले शंकर शर्मा, रविन्द्र नाथ गुप्ता, व्यापार मंडल कालपी के अध्यक्ष, सहायक आयुक्त उद्योग हेमन्त कुमार, सीएम युवा फेलो शशिकांत, भूपेन्द्र पाल तथा उद्यमी मित्र मनोज गुप्ता सहित अनेक उद्यमी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *