हाईरिस्क वाली 1884 गर्भवती माताओं का हुआ नि:शुल्क सोनोग्राफी*

Blog

   शिव शर्मा की रिपोर्ट

राजनांदगांव । भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान अंतर्गत राजनांदगांव जिले में गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व देखभाल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक माह की 9 एवं 24 तारीख को विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिसका उद्देश्य उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को नि:शुल्क जांच, उपचार एवं परामर्श प्रदान करना है। अभियान अंतर्गत जिन महिलाओं का पहला प्रसव ऑपरेशन से हुआ हो, पहले गर्भपात या मृत शिशु का जन्म हुआ हो, जिनका वजन या ऊंचाई कम हो, कम उम्र में गर्भधारण किया हो, गंभीर एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह या अन्य बीमारियों से ग्रसित महिलाओं की जांच की जाती है।
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव निर्देशानुसार मातृत्व स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत हाई रिस्क माताओं की सूची बनाकर प्रत्येक सप्ताह फोन के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं सलाह दी जा रही है। प्रसव के 15 दिन पूर्व गर्भवती माताओं के घर प्रतिदिवस मितानिनों द्वारा भ्रमण किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि वर्तमान में 1884 उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं में 1717 का प्रथम सोनोग्राफी तथा 1325 महिलाओं का द्वितीय बार सोनोग्राफी किया जा चुका है। इस सप्ताह कुल 132 उच्च जोखिम वाले गर्भवती माताओं का सोनोग्राफी किया गया है। जिसमें इंडियन मेडिकल कांऊसिल राजनांदगांव शाखा तथा निजी सोनोग्राफी सेन्टर का विशेष योगदान रहा। उन्होंने मातृ मृत्यु दर एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए जिले के सभी उच्च जोखिम गर्भवती माताओं से सोनोग्राफी हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पहुंचकर जांच उपरांत डॉक्टर से पर्ची बनवाकर नि:शुल्क सोनोग्राफी करवाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *