बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर दो हादसों से मचा हड़कंप, एक की मौत, एक दर्जन से अधिक मजदूर घायल*

Blog

 

फोटो—
*बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर दो हादसों से मचा हड़कंप, एक की मौत, एक दर्जन से अधिक मजदूर घायल*

*जालौन से ब्रजेश उदैनियाँ  की रिपोर्ट

जालौन। जालौन कोतवाली क्षेत्र से गुजरने वाले बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर रविवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों से हड़कंप मच गया। इन घटनाओं में एक ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक मजदूर घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।
पहला हादसा बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 208 पर हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक आगे खड़े एक अन्य ट्रक में पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक के चालक अरुण कुमार उर्फ छोटू पुत्र जशबंत उर्म 20 बर्ष की इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं दूसरा हादसा किलोमीटर संख्या 205 पर हुआ, जहां मजदूरों से भरी एक डीसीएम गाड़ी बालू से लदे ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में डीसीएम में सवार एक दर्जन से अधिक मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने तत्काल पुलिस एवं एंबुलेंस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीम ने सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों में आठ मजदूरों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और बाद में अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने चिकित्सकों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाओं के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा हादसों के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *