शिव शर्मा की रिपोर
शिव शर्मा की रिपोर्ट
जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कौन्दकेरा के व्याख्याता द्वय मीनाक्षी शर्मा एवं सतीश मालवीय द्वारा जमीनी स्तर पर चलाया जा रहा जल जीवन अभियान अब एक राष्ट्रीय आंदोलन का रूप लेता जा रहा है। महाप्रभु वल्लभाचार्य की जन्मस्थली एवं भगवान चम्पेश्वरनाथ जी की नगरी चंपारण में आयोजित प्रतिष्ठित भगवान बिरसा मुंडा राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षक सम्मान समारोह के मंच पर इस अभियान को न केवल भारी सराहना मिली बल्कि समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे देश भर के सैकड़ों उत्कृष्ट शिक्षकों ने इससे प्रेरित होकर सामूहिक रूप से महा-जल प्रतिज्ञा ली कार्यक्रम में देश लगभग बीस राज्यों से आए राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता और नवाचारी शिक्षकों ने एक सुर में माना कि पानी का संकट आने वाली पीढ़ी के भविष्य से जुड़ा है और इसका संरक्षण ही जीवन की बचाये रखेगा।
समारोह के विशेष सत्र में व्याख्याता मीनाक्षी शर्मा ने अपने जल जीवन अभियान के तहत अब तक किए गए कार्यों, केस स्टडीज और नवाचारों का एक प्रभावी प्रेज़ेंटेशन दिया। उन्होंने उपस्थित शिक्षक समुदाय से भावुक अपील करते हुए कहा, एक शिक्षक सिर्फ पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाता, बल्कि वह समाज की चेतना को भी गढ़ता है अगर आज हमने बच्चों को पानी बचाना नहीं सिखाया तो कल का भविष्य प्यासा रह जाएगा इस अपील का वहां मौजूद शिक्षकों पर इतना गहरा प्रभाव पड़ा कि सभी ने अपने स्थान पर खड़े होकर हाथ आगे बढ़ाकर पूरी निष्ठा के साथ जल संरक्षण की शपथ ली। शिक्षकों ने संकल्प लिया कि वे जब अपने-अपने गृह राज्यों और विद्यालयों में लौटेंगे, तो इस संदेश को बच्चों के जरिए उनके घरों और गांवों की चौपालों तक पहुंचाएंगे।
कौन्दकेरा के इन दोनों व्याख्याताओं की इस गौरवशाली राष्ट्रीय उपलब्धि पर समूचे अंचल सहित शिक्षा जगत में हर्ष की लहर है शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कौन्दकेरा के शाला परिवार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताया है कार्यक्रम में पधारे जिला गरियाबंद के डीएमसी शिवेश शुक्ला ने बधाई देते हुए कहा कि मीनाक्षी शर्मा और सतीश मालवीय का यह भागीरथ प्रयास जिले ही नहीं अपितु पूरे देश के लिए अनुकरणीय है। शिक्षा सागर फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक शैलेष भाई प्रजापति ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की पावन स्मृति में देश भर के गुरुजनों द्वारा लिया गया यह संकल्प आने वाली पीढ़ियों के लिए जल-सुरक्षित और समृद्ध भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगा वहीं शिक्षा सागर फाउंडेशन की छत्तीसगढ़ की प्रदेश संयोजिका एवं कार्यक्रम प्रभारी गायत्री मिश्रा ने बधाई देते हुए कहा कि यह पहल अनुकरणीय एवं सराहनीय कार्य है इससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा जो कि आने वाली पीढ़ियों के लिए अति आवश्यक है। सम्मान समारोह में डी एम सी शिवेश शुक्ला सहित ए पी सी मनोज केला व थॉमस विल्सन , पूरन लाल साहू , ईश्वर दास गिलहरे, संतोष साहू, बलदाऊ सिंह श्याम एवं विभिन्न राज्यों से आए नेशनल मोटिवेटर शिक्षक उपस्थित रहे।
