ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रदुम्न इटहिया के नेतृत्व में शनिवार को उपजिलाधिकारी जालौन को एक ज्ञापन सौंपकर गल्ला मंडी की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की गई। ज्ञापन में किसानों और पल्लेदारों से जुड़े पांच प्रमुख मुद्दों को उठाते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान समय में मूंग की फसल का सीजन चल रहा है, लेकिन व्यापारी मनमाने ढंग से खरीदारी कर रहे हैं। जबकि सरकार द्वारा मूंग का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 8778 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। किसानों को उचित मूल्य दिलाने के लिए तत्काल सरकारी क्रय केंद्र खोले जाने की मांग की गई।
इसके अलावा मंडी परिसर में बने सुलभ शौचालयों पर अवैध कब्जा हटाने, दूर-दराज से आने वाले किसानों के लिए विश्राम गृह की व्यवस्था करने तथा किसानों के बैठने और अनाज तौलने के लिए निर्धारित टीन शेडों पर व्यापारियों द्वारा किए गए स्थायी कब्जों को हटाने की मांग की गई।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि मंडी परिसर में अवैध रूप से छनाई मशीनों का संचालन किया जा रहा है, जिससे पल्लेदारों को पर्याप्त काम और उचित मजदूरी नहीं मिल पा रही है। बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा ने जनहित और किसान हित को देखते हुए इन सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है।
