विनोद मिश्रा की रिपोर्ट
उरई। शहर के अंबेडकर चौराहे पर स्थित एक दुकान को अदालत के आदेश पर खाली कराने के लिए भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। बताया गया कि उक्त दुकान पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण किया गया था। कार्रवाई के दौरान अनुभव चतुर्वेदी भी मौके पर मौजूद रहा, जिसे पुलिस अपने साथ कोतवाली ले गई।
मामले में बताया गया कि उक्त दुकान को लेकर कई बार अलग-अलग तरह के बोर्ड लगाए गए। कभी वहां कार गैराज, कभी मीट की दुकान तो कभी वकालत का ऑफिस होने का बोर्ड लगाया गया। आरोप है कि इन तरीकों से दुकान पर अपने कब्जे को बनाए रखने का प्रयास किया गया, लेकिन अदालत के आदेश के बाद पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई की गई।
बताया गया कि मामला इस्माइल बनाम धीरेंद्र आदि से संबंधित था, जिसमें अदालत द्वारा डिक्री पारित की जा चुकी है। आरोप है कि किरायेदार द्वारा किए गए अवैध निर्माण को अदालत के आदेश पर खाली कराने के साथ तोड़ दिया गया।
मौके पर अनुभव चतुर्वेदी अपने कुछ साथियों के साथ मौजूद रहा। आरोप है कि उसने पुलिस के सामने अपने कागजात प्रस्तुत करते हुए लगातार अपनी बात रखने का प्रयास किया तथा स्वयं को सुप्रीम कोर्ट का अधिवक्ता बताते हुए वकालत की धौंस भी दी। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे कोतवाली ले गई।
इसी दौरान उसके पिता एवं भाई द्वारा अदालत में स्टे के लिए आवेदन दिए जाने की बात भी सामने आई। बताया गया कि मामले में शासन स्तर से भी स्टे प्राप्त करने का प्रयास किया गया।
आरोप यह भी है कि अनुभव चतुर्वेदी शहर में कई स्थानों पर फर्जी जमींदारी की रसीदें बनाकर अवैध वसूली करता है। साथ ही, खबर में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ राजनीतिक नेता, जो जमीन के मामलों में उसके साथ साझेदार बताए जाते हैं, दिनभर अधिकारियों को फोन करते रहे, लेकिन पुलिस की कार्रवाई पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
पूरे दिन पुलिस की निगरानी में अनुभव चतुर्वेदी कोतवाली में रहा। मामले को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चा बनी रही।