भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं का प्रसंग सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु*

           अभिवादन एक्सप्रेस

 जिला ब्यूरो चीफ   जालौन उरई

जालौन। हरदोई राजा स्थित रामजानकी मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा एवं रामकथा के छठवें दिन श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए। कथा में भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी बाल लीलाओं और रुक्मणी विवाह के प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

श्रीमद्भागवत कथा में कथा व्यास सुबोधानंद महाराज (रुरुकला, औरैया) ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का विस्तार से वर्णन करते हुए बताया कि भगवान ने बाल्यकाल में अपनी दिव्य लीलाओं से गोकुल और वृंदावन के लोगों का मन मोह लिया था। माखन चोरी, गोपियों के साथ मधुर लीला, कालिया नाग का मर्दन तथा गोवर्धन पर्वत धारण करने जैसे प्रसंगों के माध्यम से उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की अद्भुत शक्तियों और भक्तों के प्रति उनके प्रेम का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की प्रत्येक लीला में मानव जीवन के लिए कोई न कोई संदेश छिपा हुआ है। उनकी बाल लीलाएं प्रेम, करुणा, वात्सल्य और भक्ति का प्रतीक हैं।

इसके बाद कथा व्यास ने रुक्मणी विवाह का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि विदर्भ देश के राजा भीष्मक की पुत्री रुक्मणी भगवान श्रीकृष्ण को अपना आराध्य और पति मानती थीं। उनके भाई रुक्मी ने उनका विवाह शिशुपाल से तय कर दिया था, लेकिन रुक्मणी जी भगवान श्रीकृष्ण के अतिरिक्त किसी अन्य को अपना पति स्वीकार नहीं करना चाहती थीं। उन्होंने एक ब्राह्मण के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण को संदेश भेजकर अपनी व्यथा बताई। भक्त की पुकार सुनकर भगवान श्रीकृष्ण विदर्भ पहुंचे और रुक्मणी जी का हरण कर उन्हें अपने साथ ले आए। इसके बाद विधि-विधान से दोनों का विवाह संपन्न हुआ। कथा व्यास ने बताया कि रुक्मणी विवाह का प्रसंग अटूट प्रेम, समर्पण और भगवान के प्रति अनन्य भक्ति का प्रतीक है। इस प्रसंग के दौरान श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे और मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा।

रामकथा का श्रवण पंडित सीताशरण दास जी महाराज (औरैया) द्वारा कराया जा रहा है। सात दिवसीय आयोजन रामकेश याज्ञिक के संयोजन में श्रद्धा और उत्साह के साथ चल रहा है।

कथा के अंत में परीक्षित श्रीमती फूलवती एवं उनके पति रामकेश ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आरती की। इस मौके पर प्रभाकर, रामप्रसाद, जितेंद्र, अनिल, सुनील कुमार, सोनू, गोलू, निखिल, करण, गोपाल जी श्री सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *