ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। ग्राम वीरपुरा में प्रस्तावित नाली निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर अनियमितता एवं भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इस संबंध में ग्रामीणों ने संपूर्ण समाधान दिवस में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी रिंकू सिंह राही को शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपा।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में सैयद बाबा के चबूतरे से खचोरे पासवान के मकान तक नाली निर्माण के लिए गुम्मा, गिट्टी, बालू और सीमेंट सहित निर्माण सामग्री मंगाई गई थी तथा नाली की खुदाई भी कराई गई थी, लेकिन कई माह बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि उनके मकानों के सामने गहरी नाली खोद दिए जाने के कारण पानी भरा रहता है, जिससे मकानों में सीलन आने और भवनों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है। वहीं छोटे बच्चों एवं ग्रामीणों को आवागमन में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के लिए लाई गई सामग्री को बाद में वहां से हटा लिया गया, जबकि नाली का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया। इससे ग्रामीणों में भ्रष्टाचार की आशंका और गहरा गई है।
ग्रामीण भूप सिंह ने बताया कि उनके मकान के सामने गहरी नाली खोद दी गई है, लेकिन आज तक उसका निर्माण नहीं कराया गया, जिससे उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
इस संबंध में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही ने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायत का संज्ञान लिया गया है और शीघ्र ही नाली निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा अधूरी नाली का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की है, जिससे लोगों को हो रही समस्याओं से राहत मिल सके।
