*खेत में गिरे 11 हजार वोल्ट लाइन के तार की चपेट में आया किसान, हालत गंभीर*

Blog

 ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट

जालौन। ग्राम कुठौदा बुजुर्ग में खेत पर मूंग की फसल की कटाई कराने गए एक युवक को 11 हजार वोल्ट विद्युत लाइन के टूटे तार से करंट लग गया, जिससे वह अचेत होकर गिर पड़ा। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार ग्राम कुठौदा बुजुर्ग निवासी हिमांशु तिवारी (22) पुत्र अनिल तिवारी गुरुवार को अपने खेत में मजदूरों के साथ मूंग की फसल की कटाई कराने गए थे। बताया जाता है कि गुरुवार को आई तेज आंधी के दौरान 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का तार टूटकर खेत में गिर गया था। खेत में कार्य करते समय अचानक हिमांशु का पैर टूटे हुए तार से छू गया, जिससे उसे जोरदार करंट लगा और वह अचेत होकर गिर पड़ा।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में घायल युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग की लापरवाही को लेकर नाराजगी व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *