बृजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। जनपद जालौन की ग्राम पंचायत लहचूरा में सरकारी हैंडपंप (नल) के रीबोर कार्य के दौरान सामान गायब होने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान एवं सचिव पर सरकारी नल का सामान वापस न देने का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीण अखिलेश सहित अन्य लोगों ने बताया कि ग्राम प्रधान अनिल कुमार वर्मा द्वारा रीबोर के समय हनुमान मंदिर परिसर में लगे सरकारी नल से मशीन, आठ छड़ें, पंप सहित अन्य सामान निकलवाया गया था। आरोप है कि रीबोर के समर देनै की बात कही थी लेकिन अब उक्त सामान वापस नहीं लगाया गया और पूछने पर ग्राम प्रधान द्वारा गोलमोल जवाब दिए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है, जिसके चलते लोग सरकारी नलों पर निर्भर हैं। ऐसे में कुछ सरकारी नलों की दयनीय स्थिति के कारण ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रीबोर कहां कराया गया और सरकारी नल का सामान कहां गया, इस संबंध में ग्राम प्रधान और सचिव कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहे हैं। उन्होंने उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा गायब सरकारी सामान वापस दिलाकर नल को पुनः चालू कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा कि जनहित को देखते हुए प्रशासन शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराए, जिससे गांववासियों को पेयजल की सुविधा मिल सके।
