लौना रोड पर गहरे गड्ढे बने मुसीबत, शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

Blog

बृजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट

जालौन। नगर का प्रमुख मार्ग लौना रोड इन दिनों बदहाली की मार झेल रहा है। एसडीएम आवास से लेकर इंडियन गैस एजेंसी तक सड़क पर बने गहरे गड्ढे और जलभराव राहगीरों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में सड़क की स्थिति और भी भयावह हो जाती है तथा गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।

यह मार्ग हरदोई गुर्जर होते हुए झांसी मुख्य मार्ग से जुड़ता है, जिससे प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और पैदल राहगीरों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार वाहन चालक संतुलन खोकर गिर चुके हैं, जिससे लोगों में भय और आक्रोश व्याप्त है।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि सड़क की खराब स्थिति की शिकायत कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि सरकार द्वारा किए जा रहे गड्ढा मुक्त सड़कों के दावे इस मार्ग की स्थिति देखकर खोखले साबित होते नजर आ रहे हैं।

नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

अब सवाल यह है कि आखिर संबंधित अधिकारी इस गंभीर समस्या पर कब संज्ञान लेंगे और कब तक क्षेत्र की जनता टूटी सड़क और जलभराव की समस्या झेलने को मजबूर रहेगी। सड़क की दुर्दशा को लेकर लोगों में लगातार रोष बढ़ता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *