बांदा में धरातल पर उतरी नवयुग पालिका योजना

Blog

    अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

 

*बांदा: -* उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के विजन से बुंदेलखंड का हृदय स्थल बांदा अब महानगरों की तर्ज पर संवरने लगा है। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी और पूर्णतः राज्य-पोषित नवयुग पालिका योजना अब बांदा जिला मुख्यालय की धरती पर पूरी ताकत के साथ उतर चुकी है। 2 महीने पहले कैबिनेट से स्वीकृत हुई इस योजना का असर अब शहर की हर सड़क, हर गली और हर चौराहे पर साफ दिखने लगा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विकासपरक नीतियों के चलते बांदा विकास के एक नए युग में प्रवेश कर चुका है, जिससे स्थानीय जनता के चेहरे खिल उठे हैं।

 

*चकाचक सड़कें और भव्य चौराहे दे रहे नई पहचान*

 

योजना के तहत इस समय पूरे बांदा शहर को एक नया और आधुनिक रूप दिया जा रहा है। शहर के प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण कर उन्हें चकाचक और गड्ढामुक्त बनाया जा रहा है। सबसे बड़ा बदलाव शहर के प्रमुख चौराहों पर देखने को मिल रहा है, जहां बड़े स्तर पर आकर्षक और भव्य चौराहों का निर्माण जारी है। महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्थापना, आधुनिक लाइटिंग से चौराहों का सौंदर्यीकरण कर बांदा का भूगोल पूरी तरह बदल दिया गया है। जिससे रात के समय दूधिया रोशनी में नहाया शहर किसी महानगर जैसा अहसास करा रहा है।

*अत्याधुनिक नागरिक सुविधाओं से लैस हो रहा जिला मुख्यालय*

 

नवयुग पालिका योजना केवल सड़कों तक सीमित नहीं है बल्कि यह बांदा वासियों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने का महाअभियान है। नगर पालिका क्षेत्र के भीतर अत्याधुनिक नागरिक सुविधाओं का जाल बिछाया जा रहा है। जहां बच्चों के खेलने और बुजुर्गों के टहलने के लिए पार्कों का निर्माण व सौंदर्यीकरण कराया गया है तो वहीं सामाजिक कार्यक्रमों के लिए भव्य उत्सव भवन बनवाया गया है।

 

डिजिटल गवर्नेंस प्रणाली को   किया गया लागू

 

बांदा नगर पालिका को पूरी तरह हाईटेक बनाने के लिए डिजिटल गवर्नेंस प्रणाली को लागू किया जा रहा है। जिससे अब जनता को घर बैठे सरकारी सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। इसके साथ ही शहर की सबसे बड़ी समस्या यानी पानी की किल्लत को हमेशा के लिए खत्म करने के लिए आधुनिक पेयजल आपूर्ति प्रणालियों का विकास युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।

 

*जनता जता रही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार*

 

बांदा शहर में चारों तरफ हो रहे इस अभूतपूर्व विकास को देख स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह है। चाहे व्यापारी हों या आम जनता हर कोई उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की इस बड़ी सौगात की सराहना कर रहा है। लोगों का कहना है कि दशकों से उपेक्षित रहे बुंदेलखंड के इस जिले को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास की मुख्यधारा से जोड़कर एक नई पहचान दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *