जमीन विवाद में दो भाइयों की मौत के बाद बेसहारा परिवार की मदद को आगे आई पुलिस
रामपुरा (जालौन)। थाना रामपुरा क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुरा जागीर में जमीन विवाद के चलते हुई दर्दनाक घटना के बाद पुलिस ने मानवीय पहल दिखाते हुए पीड़ित परिवार की सहायता की।
दिनांक 20 अप्रैल 2026 को गांव मिर्जापुरा जागीर में जमीन को लेकर हुए विवाद में दो सगे भाइयों की मौत हो गई थी। इस मामले में मृतकों के पिता एवं एक अन्य भाई को हत्या के आरोप में जेल भेज दिया गया है। घटना के बाद परिवार की महिलाएं और छोटे-छोटे बच्चे पूरी तरह बेसहारा हो गए हैं, जिनके सामने जीविकोपार्जन की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
इसी क्रम में शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक रजत कुमार सिंह ने मय पुलिस बल के साथ गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए बच्चों और महिलाओं के लिए राहत सामग्री एवं राशन वितरित किया।
- पुलिस की इस मानवीय पहल को क्षेत्र में सराहा जा रहा है।
