नाहरगढ़ (तुलसीराम राठौर )--विश्व नमस्कार महामंत्र दिवस के पावन अवसर पर 9 अप्रैल 2026 को विश्व के लगभग 120 देशों में शांति, एकता और अहिंसा के लिए नवकार महामंत्र का सामूहिक जाप किया गया। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए, जहां अशांति और तनाव का वातावरण बना हुआ है, ऐसे समय में पूरे विश्व को शांति और सहअस्तित्व की अत्यंत आवश्यकता है।
जैन धर्म अपने उद्भव काल से ही अहिंसा और शांति का प्रबल समर्थक रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रतिवर्ष 9 अप्रैल को विश्व नमस्कार महामंत्र दिवस
के रूप में मनाया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य विश्व में शांति, एकता और बंधुत्व की भावना को सुदृढ़ करना है।
इसी क्रम में नाहरगढ़ सकल जैन श्री संघ द्वारा भी इस दिन विशेष आयोजन किया गया। प्रातः 8:01 बजे से 9:00 बजे तक सामूहिक सामायिक एवम् नवकार महामंत्र का जाप किया गया। इस आयोजन में समाज के सभी जैन श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विश्व शांति, अहिंसा एवं सहयोग की भावना को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
