अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा i उत्तर प्रदेश की योगी सरकार युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। जिसका असर अब बांदा जिले के कोने-कोने में दिखने लगा है। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत जिले के 52386 छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन और टैबलेट का वितरण किया गया है। जिससे उनके चेहरों पर मुस्कान लौट आई है। आधुनिक तकनीक से लैस इन उपकरणों को पाकर छात्र खुद को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार मान रहे हैं।
*17 हजार को टैबलेट और 34 हजार को मिले स्मार्टफोन*
जिले में चले इस वृहद वितरण अभियान के दौरान अब तक कुल 17726 छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए गए हैं। जबकि 34660 छात्र-छात्राओं आधुनिक स्मार्टफोन दिए गए हैं। सरकार का उद्देश्य है कि डिजिटल इंडिया के इस दौर में बांदा का कोई भी युवा संसाधनों के अभाव में पीछे न रहे। जिसके क्रम में घर-घर तक पहुंचे स्मार्ट फोन व टैबलेट ने उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई की राह आसान कर दी है।
*तकनीकी रूप से सशक्त हो रही युवा पीढ़ी*
योजना के तहत हुए इस ऐतिहासिक वितरण को लेकर जिले के युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। छात्र छात्राएं अब न केवल ऑनलाइन क्लासेज और डिजिटल लाइब्रेरी का लाभ ले रहे हैं। बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी उन्हें इधर-उधर भटकना नहीं पड़ रहा है। सरकार की इस पहल ने ग्रामीण परिवेश के इन छात्र छात्राओं को भी वैश्विक पटल से जोड़ दिया है। जो युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा।
