शिव शर्मा की रिपोर्ट
राजनांदगांव । कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत संचालित टीबी मुक्त पंचायत अभियान के तहत में टीबी मुक्त होने वाले ग्राम पंचायतों के सरपंचों को प्रमाण-पत्र एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने छुरिया विकासखंड के ग्राम पंचायत साल्हे, मेटेपार एवं अरजकुण्ड, डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत खम्हेरा, आरगांव एवं कोटरा, डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत पलांदूर, चौथना एवं ठाकुरटोला, राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत अंजोरा, खैरा एवं मोंहदी के सरपंच को सम्मानित किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिले में वर्ष 2023 से टीबी मुक्त पंचायत अभियान का संचालन किया जा रहा है। अभियान के तहत वर्ष 2023 में 60, वर्ष 2024 में 170 एवं वर्ष 2025 में 238 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त पंचायत घोषित किया गया है। जिसके तहत पहले वर्ष टीबी मुक्त होने वाले ग्राम पंचायतों को महात्मा गांधी की कास्य प्रतिमा, लगातार दो वर्ष तक टीबी मुक्त पंचायत को रजत प्रतिमा एवं लगातार तीन वर्षों तक टीबी मुक्त पंचायत घोषित किये जाने पर गोल्ड प्रतिमा एवं टीबी मुक्त प्रमाण-पत्र संबंधित ग्राम पंचायतों को प्रदान कर पुरस्कृत किया जाता है। वर्ष 2025 में जिले के 127 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त पंचायत की श्रेणी में आने पर पंचायतों को कास्य प्रतिमा, 91 ग्राम पंचायतों को लगातार दो वर्षों तक टीबी मुक्त पंचायत की श्रेणी में आने पर रजत प्रतिमा एवं 20 ग्राम पंचायतों को लगातार तीन वर्षों तक टीबी मुक्त पंचायत की श्रेणी में आने पर गोल्ड प्रतिमा एवं प्रमाण-पत्र प्रदाय कर पुरस्कृत किया जा रहा है।
