आगामी महीनों के प्रत्येक चौथे शुक्रवार को लगेगा विशेष शिविर, बकाया टैक्स और पेनाल्टी में मिलेगी विशेष छूट

         अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

बांदा: चित्रकूटधाम संभाग, बांदा के वाहन स्वामियों, ट्रांसपोर्टर्स और आम जनता के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग द्वारा राजस्व संवर्धन और जनता को वाहन संबंधी सभी सेवाएं एक ही छत के नीचे पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल मुख्यालय स्थित परिवहन कार्यालय परिसर, बांदा में एक भव्य ‘परिवहन मेला’ आयोजित किया जा रहा है। परिवहन आयुक्त के निर्देशानुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत आगामी महीनों के प्रत्येक चौथे शुक्रवार को इस विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। मेला सुबह 10:00 बजे से शाम 05:00 तक संचालित रहेगा।

मेला आयोजन की तिथियां:
• 23 अक्टूबर 2026 – चतुर्थ शुक्रवार (माह अक्टूबर)
• 27 नवंबर 2026 – चतुर्थ शुक्रवार (माह नवंबर)
• 26 दिसंबर 2026 – माह दिसंबर का नियत मेला दिवस

परिवहन मेले में मिलेंगी ये प्रमुख सुविधाएं:

बकाया टैक्स व पेनाल्टी में विशेष छूट: उत्तर प्रदेश मोटर यान कराधान नियमावली 1998 के नियम 24 के तहत नियमानुसार शास्ति (पेनाल्टी) में छूट देते हुए लंबित व बकायों का मौके पर ही निपटारा किया जाएगा।

तत्काल दस्तावेज व टैक्स अपडेट: बकाया राशि का निपटारा होते ही वाहन के समस्त दस्तावेज और टैक्स की स्थिति को विभागीय पोर्टल पर तुरंत अपडेट कर दिया जाएगा।

मोबाइल नंबर अपडेशन: वाहन स्वामी अपने रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) में विभागीय सूचनाओं व ओटीपी के लिए अपना वैध मोबाइल नंबर तत्काल दर्ज और अपडेट करा सकेंगे।

पंजीकरण व फिटनेस नवीनीकरण: नए वाहनों के पंजीकरण, फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट नवीनीकरण और वन-टाइम टैक्स तथा अग्रिम कर जमा करने के लिए विशेष विंडो उपलब्ध रहेगी।

स्क्रैप वाहनों के बदले नया पंजीकरण: पुराने स्क्रैप वाहनों के बदले सर्टिफिकेट ऑफ डिपॉजिट (CoD) के आधार पर नए वाहनों का त्वरित पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

कैशलेस और काउंटर व्यवस्था: वाहनों के बकाया निस्तारण के लिए मौके पर नकद (Cash) के साथ-साथ UPI, डेबिट/क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग की सुविधा रहेगी। आवेदकों की सुविधा के लिए वसूली, पंजीकरण, फिटनेस, परमिट व हेल्पडेस्क के अलग-अलग समर्पित काउंटर बनाए जाएंगे।

संभागीय परिवहन अधिकारी सौरभ कुमार ने चित्रकूटधाम संभाग, बांदा के सभी सम्मानित वाहन स्वामियों और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशनों से विशेष अपील की है कि वे नियत तिथियों पर परिवहन कार्यालय परिसर में पहुंचकर इस मेले का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने वाहनों के बकाया कर तथा आवश्यक प्रपत्रों को अपडेट कराकर किसी भी प्रकार की वैधानिक कार्रवाई से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *