रिपोर्ट सोनू करवरिया
नरैनी।
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जमवारा गांव में केन नदी के रास्ते जंगल की झाड़ियों के पास एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव देखे जाने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस एवं फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।
बताया गया कि गांव के चरवाहों ने जंगल की झाड़ियों के पास लगभग 45 वर्षीय व्यक्ति का शव पड़ा देखा। चरवाहों द्वारा गांव में सूचना देने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी तत्काल कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की तलाशी ली, लेकिन मृतक की जेब से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हुआ।
फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में घटनास्थल की जांच की गई तथा शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। पुलिस द्वारा मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है, फिलहाल शव को पहचान हेतु मर्चरी में सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस का कथन
घटना के संबंध में इंचार्ज कोतवाली निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि शव की स्थिति, चेहरे और सिर पर पाए गए गहरे चोट के निशानों से प्रथम दृष्टया धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका है। मृतक के चेहरे और सिर पर कई गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और अज्ञात हमलावरों की तलाश जारी है।
घटना के बाद से क्षेत्र में भय एवं चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
