चैत्र नवरात्र को लेकर मंदिरों में तैयारियां पूरी

राज्य

 

शिव शर्मा की रिपोर्ट

छुईखदान — मां दुर्गा की आराधना के दिन नौ अप्रैल से शुरू हो रहे हैं। शहीद नगरी के मंदिरों में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। साफ सफाई के साथ रंग पुताई का कार्य चल रहा है। चैत्र नवरात्रि में इस साल मां दुर्गा का आगमन घोड़े पर होगा। नवरात्रि में नौ दिन मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा का विधान है।
मान्यता है कि ये नौ दिन मां अंबे धरती पर भक्तों के बीच रहती हैं और उनकी पूजा-उपासना से प्रसन्न होकर उनकी सभी इच्छाएं मनोकामना पूर्ण करती हैं। इस समय में घटस्थापना आपके लिए बहुत ही लाभदायक सिद्ध होगा। इस चैत्र नवरात्रि में अमृत सिद्धि, और सर्वार्थ सिद्धि योग बन रहा है।

शहर के काली माता मंदिर, माता वैष्णो देवी मंदिर, मां शक्ति मंदिर, कोडका मे मां महामाया मंदिर समेत समस्त देवी मंदिरों और घरों में भी जोत जलाए जाते जहां पूजा अर्चना होती है। पहला नवरात्र नौ अप्रैल को होगा। इसको लेकर मंदिरों में साफ-सफाई चल रही है। मंदिर प्रांगण के अलावा देवालय में भी रंग पुताई कराई जा रही है। इसके अलावा कई श्रद्धालु अपने घरों में भी रंग पुताई करा रहे हैं।

*बाजार में खरीदारों की उमड़ी भीड़*

शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि के मुताबिक नौ अप्रैल को मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा के साथ चैत्र के नवरात्र प्रारंभ हो जाएंगे, जो 17 अप्रैल को मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना के साथ संपन्न होंगे। जिसे लेकर जहां मंदिरों में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही है।वहीं शहर की पूजा सामग्री की दुकानों पर दिनभर श्रद्धालुओं में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। जहां पर मां दुर्गा की प्रतिमाओं के अलावा उनके श्रृंगार तथा पूजा सामग्री के अलावा घट स्थापित करने के लिए खरीदारी की जा रही है।

*नवरात्र से पहले बढ़े फलों के दाम*

नवरात्र उपवास के दौरान एक समय ही खाना खाने की परंपरा है। इसके अलावा फल ही खाए जा सकते हैं। जिसके चलते नवरात्र के पूर्व ही फलों के दाम बढ़ा दिए गए हैं। बाजार में इन दिनों संतरा 40 से 50 रुपए किलो, केले 30 से 60रुपए दर्जन, सेब 200 रुपए, अनार 120 रुपए व अंगूर 60 से 80 रुपए किलो बिक रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *