सनत कुमार बुधौलिया
नगरीय क्षेत्रों में बंदरों के बढ़ते आवागमन और मानव-वानर संघर्ष की समस्या के प्रभावी समाधान के लिए जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। बंदरों को आबादी से दूर उनके प्राकृतिक परिवेश में भोजन और सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूरे जनपद में लगभग 50 कपि वन वाटिकाएं विकसित की जाएंगी।
जिलाधिकारी समीर ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कपि वन वाटिकाओं के विकास एवं पौधों के संरक्षण की स्थिति की समीक्षा की। इस कार्य के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय समिति एवं तहसील स्तरीय समितियों का गठन कर दिया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्रों के समीप न्यूनतम एक हेक्टेयर भूमि में विकसित होने वाली वाटिकाओं में आम, जामुन, अमरूद, कटहल, बड़हल, बेल, गूलर और बेर जैसे फलदार एवं छायादार पौधे लगाए जाएं। साथ ही पौधों की सिंचाई, सुरक्षा और नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने समस्त अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि बंदरों को पकड़ने के लिए तत्काल टेंडर प्रक्रिया शुरू कर शीघ्र पूर्ण कराई जाए। वन विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए जल्द ही बंदरों को पकड़ने का अभियान शुरू किया जाए, ताकि नगरीय क्षेत्रों के नागरिकों को इस समस्या से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि कपि वन वाटिकाओं का विकास पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मानव और वन्यजीवों के बीच बेहतर संतुलन स्थापित करने की महत्वपूर्ण पहल है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप कुमार, समस्त उप जिलाधिकारी एवं समस्त अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।