*- 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, जिले में किसानों की सुविधा के लिए बनाए गए 16 नए उपार्जन केंद्र*

शिव  शर्मा की रिपोर्ट

 

         मोहला । शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर 2026 से की जाएगी। धान खरीदी के लिए 15 जनवरी 2027 तक की अवधि निर्धारित की गई है। जिले में किसानों की सुविधा और सुगमता को ध्यान में रखते हुए 16 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं, ताकि किसान बिना किसी परेशानी के अपने नजदीकी केंद्रों में धान का विक्रय कर सकें।
धान खरीदी प्रारंभ होने से पहले ही किसानों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। किसान शुरुआती दिनों से ही टोकन प्राप्त करने के लिए आगे आ रहे हैं। धान खरीदी के पहले दिन ही जिले के 71 किसानों को कुल 2867 क्विंटल धान विक्रय के लिए टोकन जारी किया गया है। धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ अवैध धान परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला स्तर पर 14 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। यहां कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर निगरानी की व्यवस्था की गई है। वहीं विकासखंड स्तर पर तहसीलदारों की अध्यक्षता में विशेष निगरानी दल का गठन किया गया है, जो धान खरीदी व्यवस्था पर सतत नजर रखेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी की सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और किसानों को सुगम एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं।

*- कृषक उन्नति योजना से किसानों को मिलेगी अतिरिक्त आर्थिक सहायता*

शासन द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों को उनके द्वारा बेचे गए धान के समर्थन मूल्य के अतिरिक्त 13,839 रुपए प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। यह राशि उन किसानों के बैंक खातों में अंतरित की जाएगी, जिन्होंने अपने खेत का एग्रीस्टैक पंजीयन कराया है तथा जिनकी फसल का डिजिटल क्रॉप सर्वे किया गया है। इस योजना का उद्देश्य किसानों की खेती की लागत को कम करना, उनकी आय में वृद्धि करना तथा आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति को सुदृढ़ बनाना है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *