योगी सरकार की सौगात, बांदा मेडिकल कॉलेज में जल्द शुरू होगी डायलिसिस की चौथी यूनिट*

 

    अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

*बांदा: 13 नवंबर-* उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य नीतियों का सीधा लाभ अब बुंदेलखंड के दूर दराज के इलाकों तक पहुंच रहा है। इसी क्रम में बांदा के रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में डायलिसिस की चौथी यूनिट शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। नई यूनिट के चालू होने से न केवल चित्रकूटधाम मंडल के चारों जनपदों (बांदा, चित्रकूट, महोबा, हमीरपुर), बल्कि सीमावर्ती मध्य प्रदेश के छतरपुर और पन्ना जिलों के किडनी मरीजों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

*प्रयागराज और कानपुर जाने की मजबूरी होगी खत्म*

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं के कायाकल्प का ही परिणाम है कि आज बांदा जैसे पिछड़े क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। पहले डायलिसिस की सुविधा न होने से मरीजों को कानपुर, प्रयागराज या लखनऊ की दौड़ लगानी पड़ती थी। जिससे उन पर भारी आर्थिक बोझ पड़ता था। अब सरकारी स्तर पर मात्र 399 रुपये के न्यूनतम शुल्क पर यह सुविधा मिल रही है। वहीं गरीब व असहाय मरीजों का इलाज पूरी तरह निशुल्क किया जा रहा है।

*हर महीने हो रही 200 मरीजों की डायलिसिस*

मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सुनील कौशल ने बताया कि योगी सरकार के सहयोग से वर्ष 2020 में कोरोना काल के दौरान यहां पहली डायलिसिस यूनिट शुरू हुई थी। इसके बाद 2026 तक यूनिटों की संख्या बढ़कर 3 हो गई और अब चौथी मशीन खरीदने की प्रक्रिया चल रही है। इन्होने बताया कि कॉलेज में सिंगल मरीज पर सिंगल डायलाइजर का उपयोग किया जाता है जिससे संक्रमण का खतरा नहीं रहता और गुणवत्ता भी अच्छी है। शुद्ध जल के लिए यहां एक बड़ा आरओ प्लांट भी लगाया गया है जो एक साथ 5 से 6 मशीनों को संचालित करने में सक्षम है।

*सुबह 8 से रात 10 बजे तक मिल रही सेवा*

डायलिसिस यूनिट की इंचार्ज अपर्णा मिश्रा के अनुसार तीन टेक्नीशियन और तीन नर्सों की टीम सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक मरीजों की सेवा में जुटी रहती है। वर्तमान में प्रतिदिन 5 से 7 और प्रतिमाह लगभग 200 मरीजों की डायलिसिस हो रही है। बिसंडा क्षेत्र के बिलबई गांव निवासी एक तीमारदार विष्णु ने बताया कि दवाओं के रिएक्शन से उनके परिजन सरवन के गुर्दे खराब हो गए थे। पहले वे कानपुर गए लेकिन अब सप्ताह में दो बार बांदा मेडिकल कॉलेज में ही बेहतरीन और सस्ता इलाज मिल रहा है। निजी अस्पतालों में जहां एक बार के 5 से 10 हजार रुपये खर्च होते हैं। वहीं योगी सरकार की इस पहल ने गरीबों को नया जीवनदान दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *