अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बाँदा,।
बाँदा रोटी बैंक सोसाइटी ने मानवता और सेवा का अनुपम संदेश देते हुए ग्राम कहला में एक वृहद सेवा अभियान आयोजित किया। इस दौरान लगभग 350 जरूरतमंद ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों को कपड़े, साड़ी,किताबें, पर्स, जूते-चप्पल सहित दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री वितरित की गई। रोटी बैंक सोसाइटी हर रविवार विगत 08 वर्षों से जरूरतममंदों की मदद करती चली आ रही है।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि सच्ची सेवा केवल रिश्तों तक सीमित नहीं होती, बल्कि जरूरत के समय किसी का हाथ थामना ही सेवा का सबसे सुंदर रूप है।
कार्यक्रम का आयोजन बाँदा रोटी बैंक सोसाइटी के संरक्षक शेख सादी जमा एवं सह संरक्षक चन्द्रमौली भारद्वाज के संरक्षण में, कार्यालय प्रभारी मोहम्मद शमीम की अध्यक्षता तथा अलीमुद्दीन उप शाखा प्रमुख छिपटहरी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। ग्राम प्रधान ग्राम कहला ओमप्रकाश के निर्देशन में ग्राम कहला थाना कोतवाली नगर ब्लॉक बड़ोखर, तहसील व जनपद बाँदा में यह सेवा अभियान सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
बाँदा शहर के जागरूक एवं सामाजिक सरोकार रखने वाले नागरिकों द्वारा दान स्वरूप उपलब्ध कराए गए वस्त्र एवं अन्य उपयोगी सामग्री जरूरतमंद परिवारों तक पहुँचाई गई। वितरण के साथ-साथ संगठन के उपाध्यक्ष मोहम्मद सलीम ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, यातायात नियमों तथा उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक भी किया।
कार्यक्रम के अंत में सोसाइटी की महिला सदस्य नग्गो खातून ने सभी दानदाताओं, सहयोगियों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा का वास्तविक अर्थ समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों के साथ खड़े होकर उनके चेहरे पर मुस्कान लाना है।
कपड़े और अन्य आवश्यक सामग्री पाकर ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने बाँदा रोटी बैंक की पूरी टीम को दुआओं और आशीर्वाद से नवाज़ा।
इस अवसर पर अध्यक्ष रिज़वान अली,उपाध्यक्ष मोहम्मद सलीम, कार्यालय प्रभारी मोहम्मद शमीम,शाखा प्रमुख ईदगाह नसीर खान, शाखा प्रमुख खाईपार जगदीश श्रीवास, उप शाखा प्रमुख मर्दन नाका निहाल खान, उप शाखा प्रमुख छिपटहरी अलीमुद्दीन, महिला सदस्य नग्गो खातून, मोहम्मद यूनुस संस्था के अनेक पदाधिकारी,सदस्य एवं समाजसेवी उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
रविवार सेवा दिवस पर बाँदा रोटी बैंक का यह सेवा अभियान एक बार फिर साबित कर गया कि सच्ची दोस्ती वही है, जो जरूरतमंदों के जीवन में उम्मीद,सम्मान और मुस्कान लेकर आए।