शिव शर्मा की रिपोर्ट
छुरिया। सरपंच संघ छुरिया के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक भोलाराम साहू को ज्ञापन सौंपकर ग्राम पंचायतों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने 16वें वित्त आयोग की राशि नियमित एवं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने, मनरेगा के लंबित सामग्री भुगतान शीघ्र जारी करने तथा सरपंचों के मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि करने की मांग रखी।
इस पर विधायक भोलाराम साहू ने सरपंच प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि ग्राम पंचायतों एवं सरपंचों की जायज मांगों को शासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा उनके निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण इकाई हैं। पंचायतों को समय पर राशि मिलने से विकास कार्यों को गति मिलेगी और मनरेगा के लंबित भुगतान का निराकरण होने से पंचायतों को आर्थिक परेशानियों से राहत मिलेगी।
विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं के समाधान के लिए वे संबंधित विषयों पर शासन का ध्यान आकर्षित करेंगे। इस अवसर पर सरपंच संघ छुरिया के अध्यक्ष दीनदयाल साहू, सचिव अजय साहू, संरक्षक नरेश शुक्ला सहित अन्य सरपंच प्रतिनिधि उपस्थित रहे।