*17 व 24 अक्टूबर को बूथों पर लगेंगे विशेष कैंप, छूटे व युवा मतदाताओं के नाम होंगे शामिल*

 

ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से छूटे मतदाताओं एवं प्रथम बार युवा मतदाताओं के नाम शामिल कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को तहसील सभागार जालौन में बीएलओ को प्रशिक्षण दिया गया। विधानसभा क्षेत्र-221 के भाग संख्या 01 से 109 तक के बूथ लेवल अधिकारियों को तहसीलदार अभिनव तिवारी ने अभियान से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार 17 अक्टूबर शनिवार एवं 24 अक्टूबर शनिवार को प्रत्येक मतदेय स्थल पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। कैंप में बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। उनके पास 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली, उसके बाद की पूरक सूचियां तथा पर्याप्त संख्या में फार्म-6 उपलब्ध रहेंगे।
विशेष कैंप के दौरान प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी, जहां मतदाताओं को फार्म भरने में सहायता दी जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए सभासदों, ग्राम प्रधानों और वॉलेंटियर्स से भी सहयोग लिया जाएगा। कैंप दिवसों पर जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी समेत अन्य अधिकारी मतदेय स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे।
तहसीलदार अभिनव तिवारी ने मतदाताओं से अपील की कि जिन पात्र व्यक्तियों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे विशेष कैंप में अपनी अद्यतन फोटो, जन्मतिथि व निवास संबंधी अभिलेखों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां लेकर संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचें। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र संख्या उपलब्ध होने पर उसे भी साथ लाएं, ताकि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल किए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *