जालौन मे दो माह से बंद पड़ा पीसीएफ खाद केंद्र, रबी की बुवाई के बीच खाद के लिए भटक रहे किसान*

ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। रबी फसलों की बुवाई के समय किसानों को खाद के लिए परेशान होना पड़ रहा है। नवीन कृषि मंडी परिसर जालौन में संचालित पीसीएफ (यूपी कोऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड) का खाद वितरण केंद्र पिछले करीब दो माह से बंद पड़ा है। केंद्र बंद होने के कारण खाद लेने पहुंच रहे किसानों को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है और खाद के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
किसानों का कहना है कि इस केंद्र से प्रतिवर्ष रबी समेत विभिन्न फसलों के लिए खाद का वितरण होता रहा है। इससे आसपास के किसानों को आसानी से खाद उपलब्ध हो जाती थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों से केंद्र पर ताला लटका रहने के कारण उनकी परेशानी बढ़ गई है। वर्तमान में रबी फसलों की बुवाई चल रही है, ऐसे में समय पर खाद न मिलने से किसान खासे परेशान हैं।
किसान सुरेश, रमेश, हरिशंकर, कृष्ण कुमार, रवि कुमार, सत्यनारायण और विजय आदि ने बताया कि पहले मंडी परिसर स्थित केंद्र से आसानी से खाद मिल जाती थी। अब केंद्र बंद होने से उन्हें खाद के लिए दूसरी जगहों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। किसानों ने जिम्मेदार अधिकारियों से केंद्र को शीघ्र खुलवाकर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।
इस संबंध में केंद्र प्रभारी राजेंद्र से फोन पर वार्ता की गई तो उन्होंने बताया कि उनकी ड्यूटी उक्त केंद्र से हटा दी गई है। वहीं पीसीएफ की जिला प्रबंधक प्रिया यादव ने फोन पर बताया कि केंद्र पर वर्तमान में कर्मचारी की तैनाती न होने के कारण संचालन बंद है। उन्होंने कहा कि जल्द नए कर्मचारी की तैनाती कर खाद वितरण शुरू कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *