शिव शर्मा की रिपोर्ट
मोहला, । राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, मानसिक तनाव एवं मानसिक समस्याओं की पहचान तथा समय पर सहायता प्राप्त करने के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय खोब्रागढ़े एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री राकेश वर्मा के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार किया गया। कार्यक्रम का क्रियान्वयन नोडल अधिकारी डॉ. सीमा ठाकुर एवं जिला सलाहकार श्री मनोज बिस्वास द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान तथा आवश्यक परामर्श प्राप्त करने के लिए टेली-मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य की तरह महत्वपूर्ण है तथा मानसिक तनाव या परेशानी होने पर समय पर सहायता लेना आवश्यक है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने तथा मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी भ्रांतियों, सामाजिक भेदभाव और झिझक को दूर करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही मानसिक समस्याओं पर खुलकर चर्चा करने और जरूरतमंद व्यक्तियों को उचित सहायता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति समझ विकसित करना, मानसिक समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना तथा जरूरतमंद व्यक्तियों को समय पर उचित सहायता उपलब्ध कराने के प्रति जागरूक करना था। इस पहल के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने पर जोर दिया गया।