मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत एनसीसी छात्राओं ने संभाली यातायात व्यवस्था,* _वाहन चालकों को किया जागरूक_

अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

बांदा। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन श्री योगी आदित्यनाथ जी की मंशा के अनुरूप प्रदेश में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत आज शहर के ट्रैफिक लाइट बाबूलाल चौराहे पर विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान पंडित जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज की एनसीसी छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों के साथ यातायात व्यवस्था संभालने में सक्रिय भूमिका निभाई तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।

पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री राजेश एस एवं पुलिस अधीक्षक बांदा श्री पलाश बंसल के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में सीओ सिटी बांदा श्री सौरभ सिंह, सीओ सदर/सीओ ट्रैफिक सुश्री प्रतीज्ञा सिंह, यातायात प्रभारी श्री महेंद्र प्रताप सिंह, महिला थाना प्रभारी श्रीमती मोनी निषाद तथा जिला सड़क सुरक्षा समन्वयक समिति के सदस्य श्री सुनील सक्सेना की उपस्थिति रही।

अभियान के दौरान एनसीसी छात्राओं ने पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर चौराहे पर यातायात संचालन में सहयोग किया। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सड़क पर अनुशासन बनाए रखने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि यातायात नियमों का पालन न केवल स्वयं की, बल्कि दूसरों की सुरक्षा के लिए भी बेहद आवश्यक है।

इस पहल के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, महिला सहभागिता और सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया। एनसीसी छात्राओं की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि महिलाएं समाज की सुरक्षा, अनुशासन और जनसेवा के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बनाना है। वहीं, यातायात जागरूकता अभियान के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाकर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *