*शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की आराधना, मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब*

  ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट

0-घंटी-घड़ियाल और जय माता दी के जयकारों से गूंजे देवी मंदिर, नगर से गांवों तक भक्तिमय माहौल

जालौन। शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन सोमवार को देवी भक्तों ने मां दुर्गा के द्वितीय स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी की श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना की। सुबह होते ही नगर व ग्रामीण क्षेत्रों के देवी मंदिर घंटी-घड़ियालों की ध्वनि और ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज उठे। भक्तों ने रोली, चंदन, पुष्प आदि अर्पित कर माता रानी की आराधना करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
नगर के प्रसिद्ध बड़ी माता एवं छोटी माता मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। नवरात्रि को लेकर मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी नवरात्रि की धूम देखने को मिल रही है। खनुआ सहित आसपास के गांवों एवं देवी मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्तों ने पहुंचकर मां ब्रह्मचारिणी की आराधना की। खनुआ में देवी मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है, जहां सुबह से भक्तों द्वारा पूजा-अर्चना का क्रम जारी रहा।
नवरात्रि के चलते नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। देवी मंदिरों में दिनभर माता के जयकारे गूंजते रहे और श्रद्धालुओं ने मां से सुख, शांति एवं समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *