ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। नगर के मोहल्ला घुआताल में पुलिया और सड़क पर जमा कूड़ा-करकट व गोबर से परेशान मोहल्लेवासियों ने उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर समस्या के शीघ्र निस्तारण की मांग की है। लोगों का आरोप है कि दूसरे मोहल्लों से आने वाले कुछ लोग यहां अपने घरों का कूड़ा तथा गाय-भैंस का गोबर डाल रहे हैं, जिससे सड़क पर गंदगी का अंबार लग गया है।
मोहल्लेवासियों ने बताया कि एक ओर पुलिया के आसपास भारी मात्रा में गंदगी जमा है, वहीं दूसरी ओर सड़क क्षतिग्रस्त होने से पानी भरा रहता है। गंदे पानी में मच्छर पनप रहे हैं और पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है। इससे संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। गंदगी के कारण आवागमन में भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार बाहर से आकर कूड़ा और गोबर डालने वालों को रोका गया, लेकिन इसके बावजूद समस्या खत्म नहीं हुई। मोहल्लेवासियों ने एसडीएम से तत्काल सफाई व्यवस्था कराने के साथ यहां कूड़ा व गोबर डालने वालों पर रोक लगाने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र देने वालों में रमेशचंद्र, उमेश, कल्लू खां, मनोज कुमार, प्रकाश वर्मा, सोहित रजक, राजू वर्मा, नितिन समेत अन्य मोहल्लेवासी शामिल रहे।