ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। अतिवृष्टि और लगातार बारिश से फसलों को हुए नुकसान से परेशान किसानों को शासन की ओर से राहत मिलने लगी है। मुख्यमंत्री द्वारा फसल क्षति से प्रभावित किसानों के लिए मुआवजा राशि का वितरण किए जाने के क्रम में सोमवार को जालौन तहसील सभागार में कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को उनके खातों में भेजी गई राहत राशि के प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
पिछले दिनों हुई लगातार बारिश और अतिवृष्टि से क्षेत्र में किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ था। कई स्थानों पर मकान धराशायी होने के साथ पशुओं की मृत्यु की घटनाएं भी सामने आई थीं। प्रशासन द्वारा कराए गए सर्वे के बाद प्रभावित किसानों को चिन्हित कर मुआवजा दिए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
जालौन तहसील क्षेत्र में करीब 3200 किसानों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें लगभग 1 करोड़ 32 लाख रुपये की मुआवजा राशि वितरित की जानी है। राहत राशि सीधे संबंधित किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। सोमवार को तहसील सभागार में करीब आधा सैकड़ा किसानों को उनके खातों में भेजी गई धनराशि के प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
एसडीएम राकेश कुमार सोनी ने कहा कि अतिवृष्टि से जिन किसानों की फसलों अथवा अन्य संपत्ति को क्षति हुई है, उन्हें लेखपालों द्वारा किए गए सर्वे के आधार पर नियमानुसार मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाएगी। कोई भी पात्र प्रभावित किसान राहत से वंचित न रहे, इसके लिए प्रशासन द्वारा प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इस दौरान एसडीएम राकेश कुमार सोनी, तहसीलदार अभिनव तिवारी, कालपी विधायक प्रतिनिधि आशू चतुर्वेदी, ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पुनीत मित्तल सहित लेखपाल, कानूनगो एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।