गांवों की जरूरतों के हिसाब से तय होगी प्राथमिकता-कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम*

शिव शर्मा की रिपोर्ट

मोहला,। कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम की अध्यक्षता में जनपद पंचायत मोहला में जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, समस्त जनपद सदस्यों तथा ग्राम पंचायतों के सरपंच, उपसरपंच एवं सचिवों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में वीबीजीरामजी के अंतर्गत प्रस्तावित 375 कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा एवं समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती सलाम ने प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रस्तावित किए जाने वाले कार्यों को लेकर संबंधित सरपंचों एवं जनपद सदस्यों से प्रत्यक्ष चर्चा की। उन्होंने ग्राम पंचायतों की स्थानीय आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने निर्देशित किया कि प्रस्तावित कार्यों पर शीघ्र ग्राम सभा में चर्चा कर उनका प्राथमिकता क्रम निर्धारित किया जाए। कार्यों के प्रस्ताव तैयार करते समय निर्धारित 60:40 के लेबर-मटेरियल अनुपात का पालन सुनिश्चित करने तथा कुल प्रस्तावित कार्यों में 30 प्रतिशत कार्य जल संरक्षण एवं जल संवर्धन से संबंधित रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ग्राम पंचायतों में पूर्व वर्षों से अपूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को 90 दिवस की मजदूरी उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आवास निर्माण कार्यों में तेजी आने के साथ हितग्राहियों को समय पर रोजगार एवं मजदूरी का लाभ मिल सके। साथ ही सभी ग्राम पंचायतों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्यों के प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि प्रस्तावों का परीक्षण कर कार्य स्वीकृति की प्रक्रिया जल्द प्रारंभ की जा सके।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत, श्री उज्वल पोरवाल, सीईओ जनपद पंचायत मोहला, एपीओ बीबी जी रामजी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं जनपद पंचायत के समस्त स्टाफ उपस्थित रहें।

*- चौकी में भी हुआ विकास कार्यों पर मंथन, वीबीजीरामजी की कार्ययोजना पर हुई चर्चा*

जनपद पंचायत अंबागढ़ चौकी के टाउनहाल में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की अध्यक्षता में जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जनपद एवं जिला पंचायत सदस्यों, सरपंच -उपसरपंचों तथा सचिवों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वीबीजीरामजी की कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। ग्राम पंचायतवार स्थानीय आवश्यकताओं एवं प्राथमिकता वाले कार्यों पर विचार-विमर्श करते हुए आगामी कार्ययोजना तैयार करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *