अतिवृष्टि से हुए नुकसान का 48 घंटे में सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग*

 

ब्रजेश उदैनियाँ* की रिपोर्ट

0-एमएलसी रमा निरंजन ने एसडीएम को पत्र भेजकर सभी गांवों का सर्वे कराने के लिए निर्देशित करने की उठाई माँग
जालौन। तहसील जालौन क्षेत्र में अतिवृष्टि से हुए नुकसान को लेकर भाजपा एमएलसी एवं चिकित्सा एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य स्थायी समिति की सदस्य रमा निरंजन ने उपजिलाधिकारी जालौन को पत्र भेजा है। उन्होंने अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त मकानों और खरीफ फसलों का प्राथमिकता के आधार पर सर्वे कराकर प्रभावित लोगों को शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की है।
एमएलसी ने पत्र में कहा कि तहसील जालौन के प्रधानों एवं जनमानस द्वारा उन्हें अवगत कराया गया है कि अतिवृष्टि के कारण कई मकान गिर गए हैं तथा लोगों को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने एसडीएम से संबंधित सूची का अवलोकन करते हुए तत्काल लेखपालों को भेजकर तहसील के सभी ग्रामों में क्षति का सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप पात्र प्रभावित लोगों को 48 घंटे के भीतर मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाए। साथ ही पूर्व में जिन क्षतिग्रस्त गांवों में मुआवजा दिया जा चुका है, उनकी सूची भी उपलब्ध कराने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिवृष्टि से प्रभावित तहसील जालौन का कोई भी गांव सर्वे से वंचित नहीं रहना चाहिए।
एमएलसी रमा निरंजन ने किसानों की उड़द, मूंग और मूंगफली की खरीफ फसलों को हुए नुकसान का भी सर्वे कराने तथा प्रभावित किसानों को शत-प्रतिशत मुआवजा दिलाने के लिए प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने की मांग की है। उन्होंने इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने पर जोर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *