अभिवादन एक्सप्रेस
गोरखपुर। भारतीय प्रेस परिषद (पीसीआई) के वरिष्ठ सदस्य सरदार गुरिंदर सिंह, सुधीर कुमार पांडा एवं पूर्व पीसीआई सदस्य अशोक नवरत्न के गोरखपुर आगमन पर ऑल इंडिया स्माल एण्ड मीडियम न्यूज पेपर्स फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष शोएब अहमद के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने गुरु गोरक्षनाथ एयरपोर्ट टर्मिनल पर बुके भेंटकर जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया।
गोरखपुर पहुंचने पर पीसीआई के सदस्यों ने फेडरेशन के पदाधिकारियों द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया और संगठन के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान स्वागत से अभिभूत पीसीआई सदस्यों ने फेडरेशन के पदाधिकारियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
विदित हो कि भारतीय प्रेस परिषद की विज्ञापन संबंधी मामलों की उपसमिति की ओर से आयोजित संवाद एवं बैठक में हिस्सा लेने के लिए सरदार गुरिंदर सिंह, सुधीर कुमार पांडा एवं पूर्व पीसीआई सदस्य अशोक नवरत्न गोरखपुर पहुंचे हैं। 31 अगस्त को सुबह 11 बजे तारामंडल स्थित एनेक्सी भवन में संवाद एवं बैठक आयोजित होगी, जिसमें पत्रकारों, समाचार-पत्रों के संपादकों एवं प्रकाशकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
इस अवसर पर फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष शोएब अहमद ने कहा कि गोरखपुर के लिए यह गौरव और सौभाग्य की बात है कि भारतीय प्रेस परिषद के वरिष्ठ सदस्यों ने यहां पहुंचकर पत्रकारों एवं संपादकों को सम्मानित और गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि पीसीआई सदस्यों के साथ होने वाला संवाद छोटे एवं मध्यम समाचार-पत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से सामने रखने का महत्वपूर्ण अवसर है।
स्वागत समारोह में सहायक सूचना निदेशक प्रशांत श्रीवास्तव, कार्यक्रम के नोडल अधिकारी महेंद्र कुमार, मुर्तजा हुसैन रहमानी, दिलीप कुमार पटवा, दीनानाथ यादव, शेषनाथ जैसवार, वकील अहमद, फैसल अंसारी, प्रवीण कुमार कुशवाहा, मुहम्मद अतीक, शहनवाज आलम, अभिषेक श्रीवास्तव, रवींद्र यादव सहित फेडरेशन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।