अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा। जल जीवन मिशन के अंतर्गत जनपद बांदा के विकासखंड तिंदवारी एवं बड़ोखर खुर्द के चयनित ग्रामों में “जल अर्पण” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। योजना के सफल परीक्षण (Testing) कार्य पूर्ण होने के उपरांत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ग्राम पंचायतों को योजना अर्पित करने की कार्रवाई संपन्न की गई।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं जल के समुचित उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि नल से प्राप्त पेयजल का उपयोग मुख्य रूप से पेयजल एवं घरेलू आवश्यकताओं के लिए करें तथा बिना टोटी के पानी का उपयोग न करें, जिससे जल की अनावश्यक बर्बादी रोकी जा सके। साथ ही वर्षा जल संचयन, भू-जल संरक्षण तथा वर्षा जल के माध्यम से भूमिगत जलस्तर में वृद्धि के महत्व की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में जल जीवन मिशन के जूनियर इंजीनियर रमेश गुप्ता तथा एनसीसी टीम के उपस्थित इंजीनियरों के साथ अमलीकौर ग्राम समूह पेयजल योजना के अंतर्गत कराए गए विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
ग्रामीणों को पेयजल आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या के त्वरित समाधान हेतु टोल-फ्री हेल्पलाइन 18001212164, जल सारथी ऐप तथा जल सेवा सहित उपलब्ध शिकायत निवारण व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित ग्रामीणों को अपने मोबाइल फोन में जल सारथी ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया गया तथा मौके पर ही ऐप के उपयोग, शिकायत दर्ज करने एवं उसके समाधान की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन कर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों, ग्रामीणों तथा जल जीवन मिशन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए जल संरक्षण और पेयजल योजनाओं के दीर्घकालीन सफल संचालन का संकल्प लिया।
