छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में बार एसोसिएशन बांदा ने राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन*

Blog

 अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

बांदा। जिला अधिवक्ता संघ (बार एसोसिएशन) बांदा ने जंतर-मंतर, नई दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर दिल्ली पुलिस द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज के विरोध में भारत की महामहिम राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी बांदा के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने कहा कि छात्र-छात्राएं अपनी शैक्षिक समस्याओं एवं प्रवेश परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। आरोप लगाया गया कि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया तथा अश्रुगैस के गोले छोड़े, जिससे कई छात्र घायल हो गए। अधिवक्ता संघ ने इस घटना को अमानवीय बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।

बार एसोसिएशन ने राष्ट्रपति से मांग की कि घटना की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही छात्र-छात्राओं की शैक्षिक समस्याओं का शीघ्र एवं न्यायोचित समाधान कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।

इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और छात्रों की जायज मांगों को बल प्रयोग के बजाय संवाद के माध्यम से सुना जाना चाहिए। ज्ञापन जिलाधिकारी बांदा के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को प्रेषित किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *