अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
_
बांदा, । जनपद बांदा के होनहार बैडमिंटन खिलाड़ी मोहम्मद अर्श ने चेन्नई (तमिलनाडु) में आयोजित Yonex-Sunrise All India Senior Ranking Badminton Tournament-2026 के सीनियर पुरुष युगल (Men’s Doubles) वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता में देशभर के शीर्ष खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनके बीच मोहम्मद अर्श ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर सेमीफाइनल तक का सफर तय किया और कांस्य पदक जीतकर जनपद बांदा एवं उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
मोहम्मद अर्श की इस उपलब्धि के बाद खेल जगत में खुशी की लहर है। उनकी सफलता पर खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों तथा जनपदवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं।
मोहम्मद अर्श के पिता मो. अशफाक बांदा के बलखंडी नाका निवासी हैं जो फैशन टेलर का कार्य करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद अर्श ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
जिला बैडमिंटन एसोसिएशन, बांदा के अध्यक्ष सीरजध्वज सिंह ,सचिव काजी जमीर अहमद तथा बांदा ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष रामेंद्र शर्मा,महासचिव डा० इन्द्रवीर सिंह जादौन,मीडिया प्रभारी सुनील सक्सेना तथा सीनियर बैडमिंटन खिलाड़ी एवं कोच प्रदीप कुमार ने मोहम्मद अर्श को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
विशेष उपलब्धि यह भी है कि मोहम्मद अर्श का चयन 28 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक फिलीपींस में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है, जहाँ वे भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन ने बांदा निवासी मोहम्मद अर्श को भारत के उभरते हुए बैडमिंटन सितारों की श्रेणी में ला खड़ा किया है।
