प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं प्रवेश हेतु काउन्सलिंग 22 जुलाई से 5 अगस्त तक*

Blog

 

 शिव शर्मा की रिपोर्ट अभिवादन एक्सप्रेस

मोहला  । मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु काउन्सलिंग की प्रक्रिया 22 जुलाई 2026 से प्रारंभ होकर 5 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विभाग द्वारा काउन्सलिंग के लिए चयनित छात्र-छात्राओं की सूची एवं तिथि विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/ पर जारी कर दी गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार काउन्सलिंग संबंधित छात्र-छात्राओं को आवंटित प्रयास आवासीय विद्यालयों में प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक आयोजित होगी। सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों सहित अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा।
काउन्सलिंग के समय कक्षा 8वीं की प्रथम श्रेणी (60 प्रतिशत या अधिक) अंकसूची, प्रधानपाठक अथवा प्राचार्य द्वारा जारी अध्ययनरत होने का सत्यापन प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा लागू होने पर नक्सल पीड़ित, अल्पसंख्यक, विशेष पिछड़ी जनजाति एवं विशेष श्रेणी से संबंधित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। विशेष श्रेणी के अंतर्गत दिव्यांग, दिव्यांग माता-पिता के बच्चे, अनाथ, विधवा माता या परित्यक्ता महिला के बच्चे तथा देश की रक्षा अथवा कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस, अर्द्धसैनिक या सशस्त्र बल के जवानों के बच्चों को संबंधित प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि काउन्सलिंग के बाद प्रवेश के लिए पात्र पाए जाने वाले विद्यार्थियों को तीन दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकल सेल जांच प्रमाण पत्र संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा।

*क्रमांक-07/53 आर्य —*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *