ककरबई से चंद्र प्रकाश द्विवेदी की रिपोर्ट
समाचार फोटो ककरबई ककरबई-झांसी कसवा से तहसील मुख्यालय गरौठा को जाने वाली मुख्य सड़क का हाल बेहाल है। मछली काछ स्टैंड तक करीब तीन किलोमीटर लंबा मार्ग पिछले कई वर्षों से बदहाली का शिकार बना हुआ है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कत का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि इस रोड पर आए दिन लोग फिसलकर चोटिल होते रहते हैं। इस रोड से क्षेत्र के लगभग एक दर्जन गांवों को तहसील मुख्यालय सहित जिले तक जाना पड़ता है, क्षेत्र वासियों द्वारा इस रोड की मरम्मत की मांग कई बार संबंधित विभागीय जिम्मेदारों और जनप्रतिनिधियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने शीघ्र सड़क की मरम्मत कराए जाने की मांग की है ताकि आवागमन सुगम हो सके।
