शिव शर्मा की रिपोर्ट
मोहला, । विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय मोहला में कलेक्ट्रेट परिसर से मिनी स्टेडियम मोहला तक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देना था। रैली को जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह, अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे, डिप्टी कलेक्टर श्री डी.आर. ध्रुव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। इसके साथ ही बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया। कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ हुई यह साइकिल रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होकर मिनी स्टेडियम मोहला पहुंची। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने नियमित व्यायाम, स्वच्छ पर्यावरण तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। अधिकारियों ने कहा कि साइकिल न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि यह प्रदूषण नियंत्रण और ईंधन की बचत में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने विद्यार्थियों और नागरिकों से अपने दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने से शारीरिक फिटनेस बेहतर होती है तथा पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर आयोजित इस रैली में प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया। कार्यक्रम का समापन मिनी स्टेडियम मोहला में स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी संदेशों के साथ किया गया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस पहल की नागरिकों एवं विद्यार्थियों ने सराहना की और भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
