*पति-पत्नी के विवाद में मिशन शक्ति टीम की पहल से हुआ समझौता*

Blog

 

ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट

जालौन। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खटिकान निवासी श्रीमती नाजिया पत्नी अफजल ने शनिवार को सुबह करीब 11 बजे डायल 112 पर सूचना देकर आरोप लगाया कि उनके पति अफजल द्वारा उनके साथ मारपीट की जा रही है। सूचना मिलते ही पीआरवी-8828 मौके पर पहुंची और प्राथमिक जांच के बाद अफजल को अपने साथ थाने ले आई।

कुछ समय बाद पीड़िता नाजिया अपनी जेठानी संजीदा पत्नी हुसैन के साथ कोतवाली पहुंची और पति द्वारा मारपीट व प्रताड़ित किए जाने की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय कुमार यती ने तत्काल महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला आरक्षी शिवानी से जांच कराई।

पुलिस द्वारा दोनों पक्षों से अलग-अलग तथा संयुक्त रूप से बातचीत की गई। इस दौरान पति अफजल ने अपनी बहन संजीदा की मौजूदगी में पत्नी नाजिया को आश्वस्त किया कि वह भविष्य में किसी प्रकार का विवाद नहीं करेगा तथा पति-पत्नी के रूप में आपसी सहयोग एवं जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए पारिवारिक जीवन व्यतीत करेगा।

दोनों पक्षों की सहमति से लिखित समझौता कराया गया, जिससे पति-पत्नी संतुष्ट दिखाई दिए। मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के तहत त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई से एक परिवार में उत्पन्न विवाद का शांतिपूर्ण समाधान कराया गया।

इस कार्रवाई में मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय कुमार यती एवं महिला आरक्षी शिवानी की प्रमुख भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *