ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
* जालौन । नगर के व्यस्त बाजार ज्वालागंज में शनिवार को सामान लादकर चलाया जा रहा एक ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया गया कि ई-रिक्शा एक नाबालिग लड़का चला रहा था। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने दौड़कर ई-रिक्शे को सीधा कराया। इस दौरान बाजार में खरीदारी कर रही कुछ महिलाएं उसकी चपेट में आ गईं, जिन्हें मामूली चोटें आईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि नगर में बड़ी संख्या में नाबालिग लड़के ई-रिक्शा चला रहे हैं, लेकिन आज तक उनके खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इतना ही नहीं, यात्रियों को ढोने वाले ई-रिक्शों का उपयोग सामान ढुलाई के लिए भी किया जा रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और यातायात विभाग से नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा संचालन पर रोक लगाने तथा यात्री वाहनों से अवैध रूप से माल ढुलाई करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
