ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। मिशन शक्ति अभियान के तहत कोतवाली जालौन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बाजार में अपने परिजनों से बिछड़ा तीन वर्षीय मासूम सुरक्षित रूप से बरामद कर उसकी मां को सौंप दिया गया।
मंगलवार को श्रीमती कुशम देवी पत्नी देवेंद्र पाल निवासी ग्राम गढ़र, थाना उरई, अपने पिता होरीलाल, भाई सूरज तथा करीब तीन वर्षीय पुत्र नवल के साथ जालौन कस्बे में अपने भाई बीरपाल की आगामी शादी की खरीदारी करने आई थीं। झंडा चौराहे के पास एक दुकान पर खरीदारी के दौरान उनका पुत्र नवल अचानक कहीं चला गया। काफी तलाश के बाद भी बच्चा नहीं मिला तो परिजन घबराकर कोतवाली जालौन पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय कुमार यती ने मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र में गश्त कर रही एंटी रोमियो टीम को बच्चे की तलाश के निर्देश दिए। महिला उपनिरीक्षक मधू देवी, महिला आरक्षी प्रकांक्षा देवी तथा आरक्षी अंजली पाल ने तत्काल खोजबीन शुरू की। इसी दौरान झंडा चौराहे पर ड्यूटी कर रहे होमगार्ड चंदर सिंह के सहयोग से कुछ ही समय में मासूम नवल को झंडा चौराहे से कुछ दूरी पर सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पुलिस टीम बच्चे को लेकर कोतवाली पहुंची, जहां आवश्यक पूछताछ के बाद नवल को उसकी मां कुशम देवी को परिजनों की मौजूदगी में सकुशल सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने परिजनों को बच्चों की सुरक्षा एवं देखरेख के प्रति सतर्क रहने की सलाह भी दी।
अपने पुत्र के सकुशल मिलने पर कुशम देवी एवं उनके परिजनों ने जालौन पुलिस और मिशन शक्ति टीम का आभार व्यक्त किया। इस दौरान सभी ने पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
