आजीविका संवर्धन के लिए पट्टे पर तालाब उपलब्ध कराने के निर्देश* *- सुशासन तिहार के आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने कहा*

Blog

–  शिव शर्मा की रिपोर्ट

 

मोहला 2 जून 2026। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं लंबित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने किसानों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अग्रिम खाद एवं बीज वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से खाद भंडारण की स्थिति की जानकारी ली तथा बीज वितरण कार्य में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी, डिप्टी कलेक्टर श्री डीआर ध्रुव

सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने आजीविका संवर्धन से जुड़े विषयों की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों एवं समूहों को पट्टे पर तालाब उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे मत्स्य पालन एवं अन्य आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा ग्रामीणों की आय में वृद्धि होगी। बैठक में सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि जनसामान्य से प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने लंबित राजस्व प्रकरणों की भी समीक्षा की तथा राजस्व अधिकारियों को प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों में अनावश्यक विलंब से आम नागरिकों को परेशानी होती है, इसलिए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण किया जाए।

बैठक में उन्होंने शेष धान उठाव की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शत-प्रतिशत उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सहकारी समितियों की नियमित बैठक आयोजित कर आवश्यक निर्णय लेने और कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं सिकल सेल स्क्रीनिंग अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को इन महत्वपूर्ण योजनाओं में अपेक्षित प्रगति लाने तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। जवाहर नवोदय विद्यालय के लिए भूमि चिन्हांकन में हो रहे विलंब पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में मोबाइल टॉवर स्थापना संबंधी प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि दूरसंचार सुविधाओं का विस्तार शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने चिन्हांकित स्थानों पर मोबाइल टॉवर स्थापना हेतु आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। मौके पर उन्होंने समाज कल्याण, महिला बाल विकास, मत्स्य पालन, पशुपालन विभाग, आदिवासी विभाग, शिक्षा विभाग जैसे अन्य विभागों के योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए विभागों को निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु समन्वय के साथ कार्य करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *