सोनू करबरिया की रिपोर्ट
नरैनी (बाँदा)। टीम संकल्प द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में चलाए जा रहे जनसरोकार अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत नौगंवा, तहसील एवं विकासखंड नरैनी, जनपद बाँदा में “अंत्योदय उत्थान केंद्र” की द्वितीय शाखा का उद्घाटन समारोह अत्यंत भव्य, प्रेरणादायी एवं जनभागीदारी से परिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि समाज सामूहिक संकल्प ले, तो संसाधनों के अभाव में भी शिक्षा की रोशनी गाँव-गाँव तक पहुँचाई जा सकती है।
यह केंद्र विशेष रूप से उन मेधावी एवं जरूरतमंद बच्चों के लिए प्रारंभ किया गया है, जो आर्थिक एवं सामाजिक अभावों के कारण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। टीम संकल्प का यह प्रयास केवल शिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास, संस्कार, अनुशासन एवं उज्ज्वल भविष्य की चेतना विकसित करने का एक सशक्त सामाजिक अभियान है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री संतोष पटेल जी (पुलिस उपाधीक्षक, मध्य प्रदेश सरकार) रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है, जो समाज की दिशा और दशा दोनों बदल सकती है। उन्होंने बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने तथा अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के प्रति गंभीर एवं जागरूक रहने का संदेश दिया। साथ ही सामाजिक कुरीतियों, नशे एवं गलत संगत से दूर रहने की प्रेरणा भी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री रामानंद मिश्रा जी (संरक्षक — टीम संकल्प एवं तहसीलदार साहब) द्वारा की गई। उन्होंने ग्रामीण परिवेश के बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती, आवश्यकता केवल सही मार्गदर्शन और अवसर की होती है। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथियों में श्री हरिश्चंद्र सोनकर जी (नरैनी विधानसभा), श्री विनोद कुमार जी (ग्राम प्रधान) एवं श्री मनधीर सिंह चौहान जी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने टीम संकल्प के इस प्रयास को समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की ऐसी पहल आने वाली पीढ़ियों का भविष्य बदलने का सामर्थ्य रखती है।
इस अवसर पर टीम संकल्प के संस्थापक सदस्य श्री अभय श्रीवास्तव ‘संकल्प’ जी ने “एक रुपये में संसाधन-विहीन बच्चों की शिक्षा” अभियान की भावना को विस्तार से रखते हुए कहा कि समाज के छोटे-छोटे सहयोग भी किसी बच्चे के जीवन में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि टीम संकल्प का उद्देश्य केवल पढ़ाना नहीं, बल्कि उन बच्चों के सपनों को नई उड़ान देना है, जिन्हें परिस्थितियों ने अब तक सीमित कर रखा था।
केंद्र प्रभारी श्री ललित सर, केंद्र संयोजक श्री मनधीर सिंह चौहान जी एवं श्री हरिश्चंद्र सोनकर जी ने आजीवन इस उत्थान केंद्र को सक्रिय एवं प्रभावी रूप से संचालित रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में ग्राम के सैकड़ों बच्चे, महिलाएँ, बुजुर्ग एवं अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने पूरे कार्यक्रम को अत्यंत ध्यानपूर्वक सुना तथा अपने बच्चों को शिक्षित, जागरूक एवं संस्कारित बनाने का संकल्प लिया। ग्रामीणों का उत्साह एवं सहभागिता यह दर्शा रही थी कि शिक्षा के प्रति समाज में नई चेतना जागृत हो रही है।
टीम संकल्प की ओर से श्री अभय श्रीवास्तव जी, श्री कालीचरण सिंह जी, श्री निर्मल प्रकाश जी, श्री अमोद सोनू अवस्थी जी, श्री रोहित सोनी जी, श्री विकास अशोक सर्राफ जी, श्री पंकज गुप्ता जी (संकल्प बुक बैंक करतल), श्री राजा भैया पाण्डेय जी, श्री रामेश्वर यादव एडवोकेट जी, डॉ. अभिषेक जी, श्री धीरेन्द्र शुक्ला जी, श्री योगेन्द्र देव सिंह जी, श्री नितिन श्याम दीक्षित जी, श्री उमाकांत तिवारी जी, श्री आनन्द सोनी जी सहित समस्त सक्रिय सदस्य एवं कार्यकारिणी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का संचालन श्री आनन्द अग्रहरि ‘युवी’ जी द्वारा अत्यंत प्रभावशाली एवं ऊर्जावान शैली में किया गया।
अंत में टीम संकल्प की ओर से उपस्थित सभी अतिथियों, ग्रामवासियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया गया। साथ ही उन सदस्यों को भी धन्यवाद ज्ञापित किया गया, जो किसी विशेष कारणवश कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके, किन्तु भावनात्मक रूप से सदैव टीम संकल्प के साथ जुड़े रहे।
“अंत्योदय उत्थान केंद्र” केवल एक शिक्षा केंद्र नहीं, बल्कि गाँव के उन सपनों की नई शुरुआत है, जिन्हें अब तक अभावों ने रोक रखा था।
