अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
*बांदा: * उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य में निराश्रित गोवंश के संरक्षण, सुरक्षा और भरण-पोषण को लेकर एक और ऐतिहासिक एवं संवेदनशीलता से भरा निर्णय लिया है। बढ़ती गर्मी और लू के थपेड़ों से बेजुबान पशुओं को बचाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे प्रदेश में युद्धस्तर पर पुख्ता इंतजाम करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं। सरकार के इस कदम से न सिर्फ गोवंश को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी बल्कि प्रदेश की गौशालाएं अब आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर भी बनेंगी।
*लू और गर्मी से सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम*
भीषण गर्मी और लू को देखते हुए सरकार ने गोवंश की सुरक्षा के लिए विशेष गाइडलाइन जारी की है। जहां सभी गौशालाओं में गोवंश के लिए पर्याप्त छांव का प्रबंध किया जा रहा है। वहीं चिलचिलाती धूप में पशुओं के लिए हर समय ठंडे और साफ पीने के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। साथ ही गौशालाओं में बोरे और टाट लटकाकर उन पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाएगा, ताकि अंदर का तापमान कम रहे। साथ ही साथ योगी सरकार अब गौशालाओं को कमाई का जरिया बनाकर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करने जा रही है जिसके क्रम में गौशालाओं में बायोगैस प्लांट स्थापित किए जाएंगे। जिससे बिजली और ऊर्जा का उत्पादन होगा। वहीं गोबर से बड़े पैमाने पर केंचुआ खाद तैयार की जाएगी जिससे गौशालाओं की आय बढ़ेगी।
*24 घंटे सीसीटीवी की निगरानी में रहेंगी गौशालाएं*
इन गौशालाओं पर किसी भी तरह की लापरवाही या भ्रष्टाचार को रोकने के लिए तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। जहां सभी प्रमुख गौशालाओं में 24 घंटे सक्रिय रहने वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं जिसकी सीधे मॉनिटरिंग की जाएगी और शासन स्तर से नामित नोडल अधिकारी जिलों में जाकर औचक निरीक्षण करेंगे।
बांदा जिले में व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने और औचक निरीक्षण के लिए शासन ने पशुपालन विभाग के निदेशक रोग नियंत्रण एवं प्रक्षेत्र, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। नोडल अधिकारी की सीधी निगरानी से जिले की गौशालाओं की व्यवस्थाओं में भारी सुधार देखने को मिलेगा और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। माना जा रहा है कि योगी सरकार का यह बहुआयामी फैसला न सिर्फ गोवंश के प्रति उनकी अटूट आस्था और संवेदनशीलता को दर्शाता है बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी एक क्रांतिकारी कदम है।
