शिव शर्मा की रिपोर्ट
राजनांदगांव । कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा और अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राजस्व एवं पुलिस विभाग की टीम द्वारा आज छुरिया तहसील के ग्राम शिकारीटोला में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा एवं अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई। ग्राम शिकारीटोला के चमारराय निषाद द्वारा कुल 8.10 वर्गमीटर शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा और अतिक्रमण कर बनाए गए घर को बुलडोजर से तोड़ा गया। इस दौरान अवैध कब्जा और अतिक्रमण करने वालों को भविष्य में शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध कब्जा कर निर्माण नहीं करने की हिदायत दी गई। जिले में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा और अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
