अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा: * बुंदेलखंड के विकास को समर्पित केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार के संयुक्त प्रयासों ने बांदा जिले के गरीब परिवारों की तस्वीर बदल दी है। डबल इंजन सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों के चलते जनपद के 173650 बीपीएल परिवारों के घरों में खुशहाली पहुंची है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत बांदा में हुए रिकॉर्ड तोड़ गैस वितरण ने न केवल महिलाओं को चूल्हे के जानलेवा धुएँ से आजादी दी है बल्कि उनके स्वास्थ्य और सम्मान की भी रक्षा की है।
*धुएं से मिली मुक्ति, सेहत में हुआ सुधार*
दशकों से माताएं और बहनें लकड़ी और उपलों के चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर थीं। जिससे निकलने वाला धुआं उनके फेफड़ों को नुकसान पहुंचा रहा था। लेकिन मोदी-योगी सरकार ने इस पीड़ा को समझा और घर-घर स्वच्छ ईंधन पहुंचाने का संकल्प लिया। जिसके चलते आज बांदा के कोने-कोने में दूर दराज के गांवों से लेकर मजरो तक गैस सिलेंडर की पहुंच सुनिश्चित की गई है। वहीं योजना का सीधा लाभ मिलने से पात्र परिवारों में हर्ष का माहौल है। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार बांदा जनपद में उज्ज्वला योजना के क्रियान्वयन में तेजी दिखाते हुए लक्षित 1.73 लाख से अधिक परिवारों को इस सुविधा से जोड़ा गया है। सरकार की मंशा के अनुरूप बिना किसी बिचौलिए के सीधा लाभ और निःशुल्क कनेक्शन पात्रों तक पहुंचाए गए हैं। यह उपलब्धि डबल इंजन सरकार के अंत्योदय के संकल्प को चरितार्थ करती है।
*डबल इंजन सरकार ने गरीबों के कल्याण का वादा किया पूरा*
यह केवल एक गैस कनेक्शन नहीं बल्कि गरीब परिवारों के सशक्तिकरण का जरिया है। समय की बचत और बेहतर स्वास्थ्य के साथ अब ये परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। डबल इंजन सरकार ने साबित कर दिया है कि उनके लिए गरीबों की सेवा ही सर्वोपरि है। स्वच्छ ईंधन की इस क्रांति ने बांदा के ग्रामीण अंचलों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है।
