तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल, एक वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत

Blog

 

सोनू करबरिया की रिपोर्ट

नरैनी:
कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ मौजूद एक वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार कलेक्टर पुरवा गांव निवासी महेंद्र राजपूत और उसका बड़ा भाई वीर सिंह राजपूत, पुत्रगण राजेंद्र प्रसाद, एक वर्षीय बच्ची शिवानी को लेकर मध्यप्रदेश के पन्ना जनपद के चंदौरा स्थित अपनी बहन सविता के घर जा रहे थे। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे और महेंद्र बाइक चला रहा था।
बताया जाता है कि जैसे ही उनकी बाइक मुकेरा गांव के मुख्य मार्ग पर पहुंची, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में महेंद्र राजपूत (लगभग 20 वर्ष) और उसका बड़ा भाई वीर सिंह राजपूत (लगभग 22 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि महेंद्र की एक वर्षीय पुत्री शिवानी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। उपनिरीक्षक रक्षा देवी ने तत्काल घायलों को मौके से उठाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *